अज्ञात मामलाें का खुलासा नहीं करने पर लालगंज, जमालपुर, अहरौरा, मड़िहान एवं चुनार के थानेदारों को कड़ी फटकार लगाई। खुलासा नहीं करने पर थानाध्यक्षाें के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। होली एवं शिवरात्रि का त्योहार नजदीक है इसलिए शांति व्यवस्था कायम रखते हुए सतर्कता से ड्यूटी करें। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार लाया जाए। ये बातें विंध्याचल परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक शिवसागर सिंह ने बुधवार को पुलिस लाइन के मनोरंजन हाल में आयोजित गोष्ठी के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी जनता के साथ व्यवहार अच्छा रखें। वर्दी साफ सुथरी पहनें। छोटी से छोटी शिकायताें को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करें। साथ ही मौके पर जाकर मामले की जांच करते हुए सच्चाई का पता लगाएं। महिलाओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए वांछित अपराधियाें पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। लंबित विवेचनाओं के निस्तारण हेतु समस्त थानाध्यक्षों को निर्देशित किया। शिवरात्रि एवं होली के त्योहार को देखते हुए थाने में बैठक करने को कहा। असामाजिक तत्वाें के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक दिनेश चंद्र, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अजय सिंह, आपरेशन डा. महेंद्र पाल सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर प्रवीण यादव, सदर सर्वजीत शाही, आपरेशन गीताजंलि सिंह, लालगंज आनंद कुमार, प्रतिसार निरीक्षक, पीआरओ अभय सिंह, राममोहन राय समेत मुख्य आरक्षी आदि उपस्थित रहे।