मिर्जापुर। यूपी 100 के दो साल पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को नगर के पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक विपिन मिश्रा की अध्यक्षता में एक गोष्ठी हुई। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक प्रकाश स्वरूप पांडेय ने विगत दो वर्षों में यूपी-100 द्वारा किए गये कार्यों का ब्यौरा प्रस्तुत किया गया। इस दौरान यूपी-100 से संबंधित डाक्यूमेंट्री फिल्म का भी प्रदर्शन किया गया।
जिले में सौ नंबर पुलिस की कुल 32 चार पहिया व 20 दोपहिया पीआरवी वाहन हैं। जो जनपद के लगभग साढ़े चार हजार किमी का क्षेत्रफल कवर करते हैं। वर्ष 2018 कुल 61 हजार 320 शिकायत प्राप्त हुए। इसमें 339 बार जनपदीय पीआरवी को उच्चस्तर से सराहना प्राप्त हुई है। 68 बार सौ नंबर के खिलाफ लोगों ने शिकायतें अभद्र व्यवहार करने, कार्रवाई नहीं करने, घटना स्थल पर नहीं पहुंचने की शिकायत भी की। जिसको उच्चाधिकारियों ने गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की।
अध्यक्षता करते हुए एसपी ने आमंत्रित लोगों से पुलिस व यूपी-100 से संबंधित उनके अनुभव व सुझाव प्राप्त किए। इस दौरान लोगों को नारी सुरक्षा, यूपी-100 से संबंधित पंपलेट भी बांटे गए तथा यूपी-100 सेवा को और बेहतर बनाये जाने के उद्देश्य से फीड बैक फार्म पर सुझाव भी लिये गये। लोगों ने अपने-अपने सुझाव व अनुभव बताए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विद्यासागर शुक्ला स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं विशिष्ट अतिथि राजकुमार सिंह वयोवृद्ध समाजसेवी रहे। इस अवसर पर सीओ नगर सुधीर कुमार क्षेत्राधिकारी सहित समस्त थाना प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, पीआरओ प्रवीण कुमार आदि लोग मौजूद रहे।