लालगंज। हैदराबाद से कमाकर आए छोटे भाई द्वारा पैसा नहीं देने पर बड़े भाई ने बुधवार की रात लहंगपुर चौकी क्षेत्र के मझियार गांव के पास पीट पीट कर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घटना स्थल से फरार हो गया। घटना की जानकारी होने पर मृतक के पिता ने अपने बड़े बेटे खिलाफ थाने में तहरीर दी। तहरीर मिलने पर लालगंज पुलिस ने आरोपी गोविंद पटेल के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
लालगंज थाना क्षेत्र के कोठी गांव निवासी शंभू पटेल 22 वर्ष पुत्र रामजी पटेल रोजी- रोटी के सिलसिले में हैदराबाद रहता था। 22 अक्तूबर 2018 को घर आया था तभी से शंभू का बड़ा भाई गोविन्द पटेल उससे पैसों की मांग कर रहा था। बुधवार की शाम को लहंगपुर बाजार से लौट कर घर जाते समय पंजाब एंड सिंध बैंक मझियार के पास गोविंद ने शंभू को रोक लिया और फिर पैसा मांगने लगा। पैसा देने से इंकार करने पर दोनों के बीच विवाद हो गया और गोविंद ने लाठी से पीट पीट कर शंभू को गंभीर रूप से घायल कर दिया। जानकारी होने पर उसे गांव के ही रामचन्द्र पुत्र सोआलाल ने घायलावस्था में लहंगपुर स्थिता एक निजी चिकित्सालय ले गए। जहां शंभू की हालत गंभीर देख चिकित्सक ने बेहतर इलाज के लिए मंडलीय चिकित्सालय भेज दिया। परिजन उसे मंडलीय चिकित्सालय लेकर आ रहे थे कि रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। सूचना लहंगपुर चौकी इंचार्ज मु. ऐश खां पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मृतक शंभू के पिता रामजी पटेल ने अपने बड़े लड़के गोविंद के खिलाफ शंभू की हत्या करने के आरोप में नामजद तहरीर देकर मुकदमा पंजीकृत कराया। आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा है।
प्रशांत यादव