नरायनपुर। मिर्जापुर-वाराणसी मुख्य मार्ग पर पशु अस्पताल नरायनपुर के पास जेवर जोड़ने का ऑफर देकर टप्पेबाजों ने चार लोगों को ठगी का शिकार बनाते हुए लाखों रुपये का समान ले उड़े। वह दूकान के उद्घाटन पर जेवर जोड़ने के बहाने लोगों को बुलाए थे। मामले की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। इस पर पुलिस केस दर्ज कर उनकी छानबीन में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक टप्पेबाज चुनार के गोलाबाजार में सोने-चांदी की दूकान बता कर बैंकुंठपुर स्थित लल्लन सोनकर की दूकान 12 सौ रुपये महीना पर किराये पर लिया था। शनिवार को नई दूकान के उद्घाटन पर मुफ्त में जेवरों को जोड़ने का ऑफर देकर टप्पेबाजों ने सभी को आमंत्रित किया था। दूकान मालिक के परिजन लाखी देवी ने कान का झुमका, सोना देवी ने पायल, रन्नो देवी ने कान का झाला, लाकेट व चांदी का चेन, तथा मन्ना सोनकर ने सोने का लॉकेट जोड़ने को दिया था । उद्घाटन पर पहुंचे लोगों को लड्डू का प्रसाद खिलाया और कहा कि चार पांच बजे तक सभी लोगों का जेवर जोड़ कर वापस कर दिया जाएगा। इस बीच शनिवार को किसी समय मौका देख कर उक्त फर्जी स्वर्र्ण व्यवसायी फरार हो गया। इस पर लोगों ने उसकी काफी तलाश की। लेकिन जब वे रविवार को दूकान खोलने नहीं आए तो लोगों में घबराहट बढ़ गई। इस पर भुक्तभोगियों ने नरायनपुर पुलिस को घटना की जानकारी दी। संयोगवश दूकान मालिक के परिजन ही ठगी के शिकार हुए थे।