मिर्जापुर। कटरा थाना क्षेत्र के टंडनपुरी कालोनी में बीती रात चोरों ने रक्षाबंधन के अवसर पर राखी बंधवाने गए जेई के घर का ताला तोड़ कर 12 हजार की नगदी समेत सोने व चांदी के आभूषण चुरा लिए। सुबह मकान मालिक के परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई। मकान मालिक ने पुलिस को घटना के बारे में लिखित तहरीर दी है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मौका मुआयना कर लौट आई।
चंदौली निवासी चंद्रमोहन मेहता बिजली विभाग में अवर अभियंता के पद पर कार्य करते हैं। चंद्रमोहन परिवार समेत टंडनपुरी कलोनी में किराये के मकान में पहली मंजिल पर रहते हैं। सोमवार को रक्षा बंधन के दिन वह घर में ताला बंद कर अपने बहन की ससुराल ओबरा राखी बंधवाने गए थे। चोरों ने मकान खाली देख बीती रात दो घरों के दस तालों को तोड़ कर घर में रखे 12 हजार नगद, एक सोने की अंगूठी, दो चांदी के पायल, घड़ी और कैमरा समेत लगभग 50 हजार रुपये का माल चुरा लिया। सुबह मकान मालिक ने ताला टूटा देखा तो राखी बंधवाने गए अवर अभियंता को मोबाइल से चोरी की घटना की जानकारी दी। जबकी दूसरे मकान में रहने वाले अभी तक नहीं पहुंच सके थे। चंद्रमोहन ने चोरी की सूचना थाने में दे दी है। पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच में जुटी रही।