मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के विंढम फाल एवं खड़ंजा के पर्यटन स्थलों पर अचानक पानी बढ़ने से रविवार को बहे पांच में से दो सैलानियों का शव सोमवार को खड़ंजा के दह से बरामद कर लिया गया। बरामद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। लापता चल रहे तीन युवकों की तलाश जारी है। शाम छह बजे तक लापता चल रहे तीनों युवकों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी। झरने में बहे युवकों के परिजनों ने व्यवस्था को लेकर आक्रोश जताया। कहा कि पुलिस के अलावा कोई बाहर से टीम ढूंढने के लिए नहीं बुलाई गई है। जिससे उनके परिवार के युवक नहीं मिल पाए। पुलिस केवल सुबह से एनडीआरएफ व पीएसी के गोताखोरों के आने का झांसा दे रही है लेकिन शाम हो गया है अभी तक कोई टीम नहीं पहुंची है।
बता दें कि रविवार को विंढमफाल व खड़ंजा में अचानक पानी बढ़ने से रविवार की शाम पिकनिक मनाने गए 60 लोग बह गए थे। जिसमें 50 से अधिक सैलानियों को बचा लिया गया था जबकि पांच से अधिक युवक पानी की तेज धारा में फंस कर बह गए थे। खड़ंजा में शहर कोतवाली के तरकापुर निवासी सैयद अली 17 वर्ष पुत्र निसार अली, कटरा कोतवाली क्षेत्र के मुकेरी बाजार निवासी सुनील उर्फ लालू मोदनवाल 20 वर्ष पुत्र सूरज, प्रमोद मिश्रा 27 वर्ष पुत्र संजय मिश्रा निवासी बालकदास का पोखरा, सोनू 20 वर्ष निवासी पीलीकोठी, वहीं विंढमफाल में मयंक जायसवाल निवासी भदोही शामिल थे। युवकों के बहने की खबर लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया था। भारी संख्या में लोग खड़ंजा व विंढमफाल पहुंच गए थे। देर रात तक खोजबीन भी कराई गई लेकिन किसी का पता नहीं चल सका था। सोमवार की सुबह देहात कोतवाल अशोक सिंह फोर्स के साथ लापता युवकों की खोजबीना कराने खड़ंजा पहुंचे। 14 घंटे बाद सुबह करीब सात बजे खड़ंजा के दह में प्रमोद मिश्रा का शव उतराया मिलने पर उसे बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इसके बाद अन्य युवकों की खोजबीन शुरू करा दी गई। लगभग 24 घंटे बाद खड़ंजा के दह से ही सुनील उर्फ लालू का शव बरामद करने में पुलिस को कामयाबी मिली। उसे भी बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। शाम तक खोजबीन कराने पर पांच से मात्र दो युवकों का लाश बरामद हो पाई। अभी भी सोनू, सैयद व मयंक लापता चल रहे हैं। इनसेट ग
खड़ंजा में रविवार को इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद सोमवार को पिकनिक मनाने पहुंचे तीन युवक धड़ल्ले से शराब पीते पाए गए। जिसकी जानकारी होने पर पुलिस पहुंची और तीनों को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया।
आज आएगी एनडीआरएफ की टीम
मिर्जापुर। खडंजा व विंढमफाल में रविवार को पिकनिक मनाते समय बहे युवकों की खोजबीन के लिए पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने एनडीआरएफ की टीम को बुलाया है। देहात कोतवाली पुलिस की माने तो मंगलवार की सुबह एनडीआरएफ की टीम आ जाएगी, जो विंढमफाल व खड़ंजा में बहे युवकों की खोजबीन के लिए दह में उतरेगी।
इनसेट
रविवार को खड़ंजा व विंढमफाल में बहे पांच से दो युवकों को खड़ंजा से बरामद कर लिया गया है। लापता चल रहे तीन युवकों की खोजबीन जारी है। उन्हें भी जल्द बरामद कर लिया जाएगा।-आशीष तिवारी,पुलिस अधीक्षक