मिर्जापुर। मुखबिर की सूचना पर हलिया पुलिस ने क्षेत्र के सेमरा मोड़ चौराहे से मंगलवार की रात ढाई बजे तीन अंतरप्रांतीय चोर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने चोरी के जेवरात, मोबाइल, व चोरी में इस्तेमाल करने वाले उपकरण बरामद को बरामद किया है। सभी के विरुद्घ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर इनको जेल भेजा गया है। ये बातें सीओ सदर बृजेश तिवारी ने पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान बुधवार को बताईं।
उन्होंने बताया कि हलिया थानाध्यक्ष बृजेश सिंह व ड्रमंडगंज चौकी इंचार्ज धनंजय पांडेय तथा एचओजी प्रभारी सुरेंद्र पांडेय मंगलवार की रात गश्त पर निकले थे। इसी बीच सूचना मिली कि कई प्रांतों में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अंतरप्रांतीय चोर गैंग के तीन सदस्य हलिया के सेमरा मोड़ के पास बैठ कर चोरी किए सामान का बटवारा कर रहे हैं। जानकारी होते ही पुलिस वहां पहुंची तो तीनों भागने लगे। पुलिस ने तीनों को दबोच कर उनकी तलाशी कराई तो इनके पास से चोरी की दो जोड़ी पायल, एक मंगलसूत्र, 25 सौ रुपया आदि सामान बरामद हुआ है। पकड़े गए आरोपियों में सुभाष दलित पुत्र संतलाल, रमेश कुमार पुत्र रामसरन, लवकुश पुत्र लालचंद्र समस्त निवासी नंदौली पटेहरा हलिया शामिल है। सीओ सदर ने बताया कि रमेश के विरुद्घ चोरी समेत अन्य आरोप में 12 मुकदमे हैं। लवकुश के विरुद्घ पांच तथा सुभाष के विरुद्घ भी पांच मुकदमें पहले से दर्ज हैं। यह शातिर किस्म के चोर हैं।