मड़िहान। बारात से वापस घर लौटते समय रामगढ़ राबर्ट्सगंज मार्ग पर लोकनिर्माण विभाग के संकेत बोर्ड में टकराकर बाइक सवार चालक की मौत हो गई जबकि पीछे बैठा साथी घायल हो गया। जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मड़िहान थाना क्षेत्र के देवरी कला गांव निवासी रामचरित्र पाल की बारात शनिवार को सोनभद्र के रामगढ़ गई थी। बारात में स्थानीय गांव निवासी बाइक सवार युवक राजू पांडेय एवं प्रशांत तिवारी भी शरीक हुआ था। खाना खाने के बाद रात्रि में युवक अपने घर बाइक से वापस लौट रहा था। रामगढ़ से कुछ ही दूर पहुंचा होगा कि सामने से आ रहे वाहन की रोशनी से चकाचौंध होकर बोर्ड में टकरा गिर गया। सूचना पर पहुंचे बारातियों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल पहुंचाया। वहां देखते ही चिकित्सकों ने राजू पांडेय 22 वर्ष को मृत घोषित कर दिया। घायल साथी प्रशांत तिवारी 20 वर्ष का प्राथमिक इलाज के बाद ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। इधर मौत की सूचना पर घाराती बारातियों में मातम छा गया।