मिर्जापुर। मूरी एक्सप्रेस में छात्रा के साथ छेड़खानी करने के मामले में जीआरपी ने आर्मी के जवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजने के बाद आगे की कार्रवाई के लिए पीड़िता का कलमबंद बयान दर्ज करने के लिए उसके घर नोटिस भेजा है। पीड़िता बोकारो की रहने वाली है। आगे की कार्रवाई के लिए मजिस्ट्रेट के सामने 164 का बयान दर्ज होगा।
झारखंड के बोकारो निवासी एक छात्रा 28 मई की रात मूरी एक्सप्रेस के एसी कोच में बैठकर घर जा रही थी। रास्ते में रात के 12 बजे एसी बोगी में बैठा आर्मी का जवान उससे छेड़खानी करने लगा। विरोध करने पर जवान धमकाने लगा। युवती ने शोर मचाया तो यात्रियों ने कंट्रोल रूम में सूचना दी। इसके बाद सुरक्षाकर्मी बोगी में पहुंचे। युवती ने आरोपित आर्मी जवान पर कार्रवाई की मांग की। इस पर चुनार रेलवे स्टेशन पर तहरीर दी। इसके बाद जीआरपी ने आरोपित जवान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया। आरोपित आर्मी का जवान हिमाचल के कांगड़ा का मूल निवासी है। वह असम में तैनात था।नई तैनाती के लिए वह पंजाब रेजिमेंट सेंटर रामगढ़ झारखंड जा रहा था। युवती अपने घर चली गई। आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी प्रभारी उदय शंकर कुशवाहा ने युवती के घर नोटिस भेजकर 164 का बयान दर्ज कराने के लिए मिर्जापुर बुलाया है। युवती का मजिस्ट्रेट के सामने कलमबंद बयान होगा।