जिगना। थाना क्षेत्र के नरोईयां जुड़ावनपुर गांव में गुरुवार की रात आई बारात में मारपीट कर अशांति पैदा करने वाले चार लोगों को पकड़कर पुलिस ने शांतिभंग में चालान कर दिया। रात में पुलिस की मौजूदगी में विवाह संपन्न हुआ। पुलिस ने एक अन्य मामले में तीन लोगों का चालान किया।
क्षेत्र निवासी विंध्यवासिनी उर्फ वेसानी बिंद के यहां गुरुवार की रात उसकी पुत्री की शादी थी। प्रयागराज जनपद के मांडा क्षेत्र के सकरी गांव से हरीदास बिंद के यहां से बारात आई थी। बारात में घराती-बराती में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद मारपीट में बदल गया। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। शादी में व्यवधान उत्पन्न करने की सूचना पर वरिष्ठ उप निरीक्षक विजय प्रकाश यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जुडावनपुर के धीरेंद्र कुमार, पप्पू बिंद, संत लाल, कैलाश नाथ को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान कर दिया। रात में पुलिस शादी समारोह में रुककर विवाह कराया। जिगना पुलिस ने बरबटा हरगढ़ गांव से भी तीन लोगों को शांति भंग में चालान कर दिया।