हलिया। लालगंज थाना क्षेत्र के बरौधा बाजार में शनिवार रात शटर चाड़ कर दूकान में घुसे चोर 61 हजार दो सौ रुपये नकद उठा ले गए। सुबह जानकारी होने पर दुकानदार ने पुलिस को सूचना दी। डाग स्क्वॉड भी मौके पर पहुंचा लेकिन चोरों का सुराग नहीं लगा। फारेंसिक टीम फिंगर प्रिंट के नमूने लेकर लौट आई।
बरौधा बाजार निवासी श्याम सुंदर केसरी शनिवार की रात दस बजे अपने घर के भूतल पर स्थित किराना की दूकान बंद कर दूसरी मंजिल पर सोने चले गए। रविवार की सुबह बाजार के लोगों ने देखा कि उनके दुकान का शटर नीचे से कुछ खुला दिखाई दे रहा है, तो लोगों ने आवाज दे कर श्यामसुंदर केसरी को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वे भूतल पर स्थित दुकान में पहुंचे तो देखा कि वास्तव में शटर खुला है। इसके बाद श्याम सुंदर केसरी ने पहले दराज चेक किया तो देखा कि उसमें से 61 हजार दो सौ रुपये नकद गायब थे । श्याम सुंदर केसरी ने बताया कि रात में दुकान बंद करने के बाद रुपये वाली दराज की चाभी काउंटर पर ही छूट गई थी । संभवत: चोर शटर खोल कर दुकान में घुसते ही काउंटर पर दराज की चाभी पा गए होंगे । दुकानदार के मुताबिक चोर उनकी दुकान से सिर्फ रुपये ही ले गए हैं । स्थानीय पुलिस की सूचना पर डाग स्क्वॉड, फिंगर प्रिंट तथा एसओजी टीम ने भी मौके पर जाकर आवश्यक जांच-पड़ताल की । चौकी प्रभारी बरौधा ने बताया कि चोरी की घटना का अनावरण शीघ्र होगा ।