मिर्जापुर। सराफा व्यापारी हत्या और लूटकांड के मामले में उत्तर प्रदेश व्यापार प्रतिनिधि मंडल मिर्जापुर के लोगों ने जूलूस निकालकर कड़ा विरोध जताया। व्यापारी नगर के विभिन्न रास्ते से होते हुए मृतक के घर पहुंचे और घटना पर गहरा शोक जताया। परिवार के लोगों के साथ नबालक का तबेला के पास शव को सड़क पर रखकर रास्ता जाम कर दिया। जामकर्ताओं ने हत्यारोपियों की तत्काल गिरफ़्तारी और परिवार को 20 लाख का मुआवजा देने की मांग की। व्यापारियों ने कहा कि चुनाव का समय है। इतनी सख्ती के बावजूद हौसला बुलंद बदमाशों ने हत्या और लूट जैसी संगीन वारदातों को अंजाम दे डाला। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम किए जाने की खबर मिलने पर एसपी नगर प्रकाश स्वरुप पांडेय, एडीएम वित्त एवं राजस्व, एसडीएम सदर व सीओ नगर सुधीर कुमार पहुंचे। अधिकारियों ने हत्यारोपियों को गिरफ्तार करने, मुख्यमंत्री राहत कोष से मुआवजा दिलाने का आश्वासन देते हुए जाम समाप्त कराया।
व्यापारियों ने देहात कोतवाली क्षेत्र के बरकछा में शुक्रवार की शाम सराफा व्यापारी बसंत सेठ की हत्या कर उसके पास से 15 लाख रुपये का जेवरात लूट ले जाने का कड़ा विरोध जताया। नाराज व्यापारियों ने शनिवार की सुबह जुलूस निकालकर नबालक का तबेला, बसनई बाजार, गुरहटटी, पानदरिववा होते हुए बुदेंलखंडी निवासी मृतक बसंत सेठ के घर पहुंचकर शोकसभा में तब्दील हो गई। वहां आधे घंटे रूककर घटना पर गहरा शोक जताते हुए परिवार को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया। व्यापारियों ने नबालक के तबेला में शव रखकर सड़क जाम कर दिया। व्यापारी हत्यारोपियों की गिरफ्तारी और परिवार को 20 लाख का मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे एएसपी नगर, एडीएम वित्त एवं राजस्व एसडीएम सदर, सीओ नगर आदि अधिकारी पहुुंचे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। लूटे गए माल को बरामद किया जाएगा। मुख्यमंत्री राहत कोष से मुआवजा भी दिलाया जाएगा । मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने एक सप्ताह के अंदर घटना का खुलासा करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने का लिखित आश्वासन दिया तो लोगों ने जाम समाप्त करते हुए शव को दाहसंस्कार के लिए लेकर चले गए। चेताया कि अगर खुलासा नहीं हुआ और परिवार को मुआवजा नहीं मिला तो वह लोग आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान प्रांतीय उपाध्यक्ष शत्रुधन केशरी, जिलाध्यक्ष संजय सिंह गहरवार, ओम प्रकाश चौरसिया, शिव मद्रुणा, मोदन लाल सोनी, जय प्रकाश सेठ, आयुष सिंह, मदनगोपाल सोनी , रामकृष्ण रस्तोगी, अवधेश सोनी, मनोज बाजपेेयी, कृष्णा सोनी, नीरज अग्रवाल, प्रमोद रस्तोगी आदि लोग शामिल रहे।
डीएम, एसपी को पत्रक दे हत्याकांड का खुलासा करने की मांग
सराफा व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश चौरसिया ने पुलिस अधीक्षक और जिलाधिकारी को पत्रक देकर सराफा लूट और हत्याकांड का खुलासा करने की मांग की। कहा कि यह एक बड़ी घटना है। आचार संहिता लागू होने के बावजूद बदमाशों ने इतनी बड़ी घटना को अंजाम दे डाला और पुलिस अभी तक उनको पकड़ नहीं पाई है। उन्होंने तत्काल घटना का खुलासा करने की मांग की। अध्यक्ष ने परिवार के सराफा की ओर से एक लाख रुपये मुआवजा देने की बात कही। कहा कि इसके अलावा अन्य सहयोग भी दिलाया जाएगी। इस दौरान शिवकुमार मुंदरा, कौशल पवाधा, संतोष सेठ, नीरज अग्रवाल, विश्वनाथ अग्रवाल, मोहन अग्रवाल, पवन अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, अमर नाथ सोनी, संजय सोनी, चंचल सोनी, गौरव उमर, अमरनाथ, श्याम सुंदर केशरी, मोहनलाल, जय प्रकाश, अनिल कुमार, अश्वनी, मनोज बाजपेयी, संजय गहरवार आदि लोग शामिल रहे। उधर राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन के तत्वावधान में व्यापारियों ने एसपी को पत्रक देकर घटना का खुलासा करने की मांग की। सरफराज अहमद, सत्यनारायण सिंह, रजनीकांत राय, हरिओम शुभम गुप्ता, आशुतोष, नीतेश, रविंद्र, किशन, मोबीन आदि शामिल रहे।