मिर्जापुर। राजीव गांधी दक्षिणी परिसर बरकछा में सोमवार को छात्रों के दो गुटों के बीच कटाक्ष कसने को लेकर मारपीट हो गई। इससे छात्रावास में हड़कंप मच गया। दोनों पक्षों से आठ छात्र घायल हो गए। शोरगुल होने पर पहुंचे अन्य छात्रों ने बीच बचाव कर मामले को शांत कराया। घटना के बाद छात्रों द्वारा एक दूसरे के विरुद्घ तहरीर देने पर पुलिस ने दोनों पक्षों के आठ लोगों के विरुद्घ मारपीट और गाली गलौज के आरोप में मुकदमा दर्ज कर 107, 116 की धारा में चालान कर दिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के बरकछा स्थित राजीव गांधी दक्षिणी परिसर के बाहर स्थित कैंटीन के सामने रविवार की शाम बीएचयू बरकछा के वीकाम के छात्र नीतीश कुमार व अंशुमान छात्र चाय पी रहे थे। इसी दौरान छात्रों का दूसरा गुट उधर से गुजरने लगा। रास्ते से गुजरते समय बीटेक के किसी ने छात्र ने वीकाम के छात्रों पर कुछ व्यंग कस दिया। जिसका विरोध जताने पर दोनों के बीच विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इससे वहां हड़कंप मच गया। जानकारी होते ही दोनों गुटों के छात्र वहां पहुंच गए। मामला गरमा गया। दोनों गुट आमने सामने हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने दोनों को अलग कर मामला शांत कराया। साथ ही आठ लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। घटना की तहरीर दोनों पक्षों से मिलने पर पुलिस ने एक पक्ष से दो लोगों नीतीश और अंशुमान निवासी बिहार तथा दूसरे शुभम दूबे, सचिन जायसवाल, विकास, इंद्रजीत पाल, सत्यवीर सिंह तथा आशीष कुमार के विरुद्ध मारपीट, गाली गालौज में मामला दर्ज कर शांतिभंग में चालान कर दिया। पुलिस ने बताया कि अगर दोबारा छात्रों ने मारपीट की तो उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।