विंध्याचल। थाना क्षेत्र के चिकान टोला मोहल्ले में बृहस्पतिवार की दोपहर 12 बजे होली खेलते समय दो पक्षों में रंग लगाने को लेकर मारपीट हो गई। घटना के बाद थाने पर दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। आरोप है पुलिस ने एक पक्ष का मुकदमा दर्ज कर लिया लेकिन दूसरे पक्ष का मुकदमा नहीं लिखा। यहीं नहीं उसे थाने से भी भगा दिया। पुलिस के व्यवहार से क्षुब्ध शिकायतकर्ता ने अमरावती चौराहा पर चक्का जाम किया। कहा कि पुलिस किसी के दबाव में आकर एक पक्षीय कार्रवाई कर रही है। उसकी नहीं सुनी जा रही है।
बताते चलें की चिकान टोला के लोग होली खेल रहे थे कि सामने की गली के तीन युवक आ कर हुड़दंग करने लगे। इसका विरोध चिकान टोला के लोगों ने किया तो आरोपी युवक मारपीट करने लगे। मारपीट की इस घटना में पांच लोग घायल हो गए। घायलों में सागर (35), जयराम (50) चंदू (30) भाईलाल (55) को भी चोटें आईं। चिकान टोला के लोगों की मानें तो थाने पहुंचने पर मुकदमा नहीं लिखा गया और उन्हें पुलिस द्वारा भगा दिया गया। पुलिस का यह व्यवहार देखकर लोग भिड़ गए और विरोध में चिकान टोला के सैकड़ों अमरावती चौराहे को जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक मिर्जापुर इलाहाबाद मार्ग जाम किए जाने की सूचना मिलने पर पहुंचे नगर विधायक रत्नाकर मिश्रा ने 24 घंटे के अंदर कार्रवाई कराने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों के विरुद्ध तहरीर के आधार पर बलवा, मारपीट, आदि आरोप में मामला दर्ज कर लिया।
तहरीर दोनों पक्षों से मिली थी। देर रात मुकदमा दर्ज करने को कहा गया था। इसी बात पर एक पक्ष नाराज हो गया। - सुधीर कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर।
चील्ह। थाना क्षेत्र के चील्ह बाजार में गुरुवार की रात जमीन संबंधी विवाद में हुए मारपीट में चार लोग घायल हो गए। दोनों पक्ष ने चील्ह थाने में मारपीट का तहरीर दिया है। चील्ह बाजार निवासी अनिल कुमार सोनकर, विनोद कुमारा सोनकर व राहुल सोनकर,ओमप्रकाश सोनकर के बीच में जमीन संबंधी विवाद चल रहा था। गुरुवार की रात दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए और एक दूसरे पर लाठी डंडे से हमला बोल दिया। आपसी मारपीट में चारों लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज चील्ह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया। दोनों पक्षों ने चील्ह थाने में प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराई।