ड्रमंडगंज। हलिया थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति द्वारा एक युवक पर नगदी और जेवरात के साथ बेटी को बहला फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में मुकदमा पंजीकृत कराए जाने की जानकारी होने पर युवती शुक्रवार को थाने धमक पड़ी। बताया कि उसे किसी ने भगाया नहीं है बल्कि वह खुद अपने स्वेच्छा से युवक के साथ शादी करके गई है। इसमें उसका कोई दोष नहीं है। यह सुन पुलिस भी हैरान हो गई। पुलिस ने युवती का मेडिकल कराने के बाद न्यायालय में अपना बयान दर्ज कराने के लिए भेज दिया है।
हलिया थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के पिता द्वारा गुरुवार को थाने में तहरीर देकर गांव के ही एक रिश्तेदार पर बेटी को बहला फुसलाकर एक सप्ताह पूर्व पचास हजार रुपये व जेवरात के साथ भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। जानकारी होने पर युवती शुक्रवार सुबह थाने धमक पड़ी और पुलिस को सच्चाई से अवगत कराया। बताया कि उसे किसी ने भगाया नहीं, वह स्वेच्छा से गई थी। बालिग हो गई है। इस लिए कोर्ट में शादी कर ली है। युवती के बयान के बाद पुलिस ने उसका मेडिकल कराकर न्यायालय में बयान देने के लिए भेज दिया।
पिता के युवक पर मुकदमा दर्ज कराने पर थाने पहुुंची युवती