हलिया। थाना क्षेत्र के पिड़रिया बंधी में मछली मारने के दौरान मगरमच्छ का शिकार हुए सरताज का 36 घंटे बाद भी पता नहीं चला। पुलिस ने बंधी में नाव के माध्यम से लेजर दूरबीन और कटिया डलवाकर दूसरे दिन भी युवक की तलाश की लेकिन वह नहीं मिल पाया। सुबह से शाम तक स्थानीय गोताखोर और पुलिस युवक की तलाश बंधी में करती रही, फिर भी उसे बरामद करने में सफलता नहीं मिल पाई। इससे पूरे दिन अपने परिजन के बरामद होने की आस में बैठेे परिजनों के साथ ग्रामीणों को भी काफी निराशा हुई।
हलिया थानाध्यक्ष विश्व ज्योति राय अदवा बांध से लाए गए मछुआरों और सीधी जनपद के इमिलिया थाने से वाटर दूरबीन एवं जाल कटिया लेकर घटना के दूसरे दिन नाव से युवक को खोजने बंधी पर पहुंचे। गोताखोर नाव से बंधी में उतरकर वाटर दूरबीन से पानी में युवक की तलाश की। इसके बाद कटिया डालकर उसके फंसाने का प्रयास किया। करीब 10 घंटे तक चली खोजबीन के बाद भी बंधी में लापता चल रहे युवक का कहीं पता नहीं लगा। बता दें कि सूरजगढ़ सिधवनियां गांव निवासी मुहम्मद सरताज को पौड़ी रामपुर स्थित पिड़रिया बंधी में अपने साथी छोटेलाल कोल के साथ मछली मारने गया था। इसी दौरान एक मगरमच्छ उसके ऊपर हमला बोलकर पानी के अंदर उठा ले गया था। साथी छोटेलाल ने बताया कि पानी में कूदने के पहले सरताज अपना मोबाइल, शर्ट, सदरी बंधी के किनारे रखकर पानी में जाल फैला रहा था। इसके पूर्व भी नाव तथा ट्यूब के सहारे बंधी में मछली मारने के लिए जाल फैलाया चुका था। टीम में मछुआरों के साथ थाना प्रभारी हलिया, उप निरीक्षक रामज्ञान यादव, धीरज यादव, संतोष यादव खोजबीन में जुटे रहे।