बाइक की डिग्गी से 32 हजार चोरी
बैंक से रुपये निकाल कर बाजार आया था युवक
अमर उजाला ब्यूरो
हलिया। बेलन बरौधा बाजार में दूकान में खरीददारी कर रहे युवक के बाइक की डिग्गी से गुरुवार को 32 हजार रुपये गायब हो गए । जानकारी मिलते ही युवक के शोर मचाने पर दूकान पर लोगों की भीड़ जमा हो गई । सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी बरौधा शेषनाथ पाल भी मौके पर पहुंच गए । पुलिस मामले की छानबीन कर रही है ।
लालगंज थाना क्षेत्र के सेमरी कला गांव निवासी लवकुश मिश्र दोपहर एक बजकर22 मिनट पर इलाहाबाद बैंक बरौधा से 30 हजार रुपये निकाल कर बाहर निकले । उन्होंने रुपये अपनी बाइक की डिग्गी में रख कर उसे लॉक कर दिया । इसके बाद वे बाइक से बाजार में ही स्थित एक आभूषण की दूकान पर पहुंचे और सामने बाइक खड़ी करके दूकान में जाकर कुछ खरीददारी करने लगे । करीब दस मिनट बाद जब वह दूकान से वापस पहुंचे तो देखा कि डिग्गी खुली है और उसमें पहले से रखे दो हजार और बैंक से निकाल कर रखे 30 हजार रुपये यानी कुल 32 हजार रुपये गायब थे। उधर चौकी प्रभारी ने दूकान पर मौजूद लोगों से जानकारी लेने के बाद आभूषण की दूकान में लगे सीसीटीवी का भी अवलोकन किया । चौकी प्रभारी ने बताया कि दूकान तथा बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक युवक की संदिग्ध गतिविधियों की फुटेज निकलवाई जा रही है । सीसीटीवी फुटेज से मामले का खुलासा शीघ्र होगा ।