अमर उजाला ब्यूरो, हाथरस।
दिल्ली, राजस्थान और उसके आसपास फैल रही चोटी कटने की कथित घटनाओं के बाद गुुरुवार को हाथरस के चंदपा में भी एक महिला ने चोटी काटे जाने की बात कहकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में खलबली मचा दी। महिला का कहना है कि सोने के दौरान उसे बेहोश कर उसकी चोटी काटी गई। महिला ने लोगों को अपनी कटी हुई चोटी भी दिखाई।
हालांकि इस मामले की शिकायत पुलिस से नहीं की गई है लेकिन पुलिस पूरे मामले की जांच करने की बात कह रही है। अधिकारियों का कहना है कि चोटी काटने की बात पूरी तरह अफवाह है और इस तरह की अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चंदपा की रहने वाली गीता गुरुवार दोपहर घर में अपने दो बच्चों के साथ सो रही थीं। बच्चे जब नींद से जागे तो उन्हें कमरे में गीता की चोटी कटी हुई मिली। गीता को जगाने पर जब वह नहीं जागी तो बच्चों ने पड़ोस में रहने वाले ग्रामीणों को बुलाया। परिजनों और ग्रामीणों ने गीता को बेहोशी से बाहर लाने की कोशिश की। इसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
जिले में चोटी कटने की इस पहली घटना के बाद तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोगों ने अपने घरों के बाहर नींबू और हरी मिर्च बांधना शुरू कर दिया है। चंदपा में ज्यादातर घरों के बाहर इस तरह नींबू-हरी मिर्च टंगे दिखाई दिए।
हालांकि पुलिस इसे महज अफवाह ही मान रही है। एएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि चोटी कटवा कोई गैंग नहीं है। इस तरह के सभी मामलों की पूरी छानबीन की जा चुकी है। इस तरह की घटनाओं को या तो शरारती तत्व अंजाम दे रहे हैं या फिर यह महज सहानुभूति पाने, चर्चा में आने के लिए या अफवाह फैलाकर पुलिस प्रशासन को परेशान करने के लिए किया जा रहा है।
एडीजी कानून व्यवस्था ने ऐसे मामलों में अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई े निर्देश दिए हैं। चंदप के मामले की भी जांच कराई जाएगी जिसके बाद अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।