अदलहाट। स्थानीय थाना क्षेत्र अंतर्गत भोरमार माफी गांव के समीप रेलवे लाइन के किनारे बने पुराने राइस मील से अदलहाट पुलिस ने शनिवार शाम फूलपुर वाराणसी से लूटे गए ट्रक को बरामद करने का दावा किया है। वहीं, पुलिस को देखकर आरोपी राइस मिल मालिक के भाग निकलने की भी बात बताई जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
प्रभारी निरीक्षक अदलहाट राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि भोरमार माफी गांव स्थित पुरानी राइस मिल में चोरी की ट्रक खड़ी है। इसे मिल मालिक बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम राइस मिल के पास पहुंची तो मिल मालिक पुलिस को देख दीवार फांदकर भाग निकला। पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो ट्रक के सीट के पीछे एक मोबाइल मिला। मोबाइल से फोन करने पर ट्रक मालिक रवीश कुमार शाही पुत्र सुभाष चंद्र निवासी ग्राम सरैया थाना दोहरीघाट जनपद मऊ ने बताया कि एक दिसंबर की रात एक बजे वाराणसी जनपद के फूलपुर थाने के आगे मीरासाह पुलिया के पास ट्रक चालक सुदामा पटेल व खलासी संतोष को बंधक बनाकर ट्रक को लूट लिया गया। इस संबंध में दो दिसंबर को फूलपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। मौके पर पहुंचे ट्रक मालिक ने अपने ट्रक की पहचान की। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर ट्रक बरामदगी की सूचना फूलपुर थाने को दी है। साथ ही मिल मालिक की तलाश में लग गई है। पुलिस ने बताया कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही इस घटना में कौन कौन शामिल है, इसका भी खुलासा किया जाएगा।
राइस मिल से बरामद हुई लूटी गई ट्रक