सोनभद्र। दो दिन पूर्व राबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस ने दंपती समेत चार के खिलाफ मारपीट, एससी/एसटी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वादी का आरोप है कि पूर्व में हुए विवाद में सुलह-समझौता होने के बावजूद विपक्षीगणों द्वारा दोबारा उसको मारने की धमकी दी जा रही है। पुलिस आरोपियों को पकड़ने में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक 13 अक्तूबर 2018 की सुबह साढ़े सात बजे भवानीपुर गांव में खेत में पानी ले जाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। इस दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के रामवंत को पीटने लगे। शोर-शराबा सुनकर मौके पर रामवंत की पत्नी गुलाबी और बेचना देवी बीच-बचाव करने के लिए पहुंची तो मनबढ़ों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और पीट कर घायल कर दिया। पीड़ितों ने सुकृत पुलिस चौकी में घटना की सूचना दी। यहां पर दोनों पक्षों ने आपस में सुलह-समझौता कर लिया। लेकिन फिर से पीड़ितों को धमकी मिलने लगी है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित रामवंत के प्रार्थना पत्र पर भवानीपुर गांव निवासी राजकुमार, उसकी पत्नी वैजंती, शिवकुमार और राकेश के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।