मिर्जापुर। हलिया के बरी गांव के पास पेट्रोल के निकट से शुक्रवार को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया 25 हजार का इनामी बदमाश सलीम नट पांच वर्ष पूर्व इलाहाबाद में पेशी पर ले जाए जाते समय पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया गया था। उसके कब्जे से लूट की दो मोटर साइकिल, दस किलो गांजा तथा लूट के आठ हजार 30 रुपये बरामद हुए है।
पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने शनिवार को पुलिस लाइन में बताया कि लालगंज थाना क्षेत्र के बसही कला गांव निवासी सलीम नट पुत्र कलीम बड़ा अपराधी है। इसके विरुद्घ लूट, हत्या, डकैती समेत कुल 35 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पांच साल पूर्व इलाहाबाद में पेशी पर ले जाते समय नैनी के पास पुलिस अभिरक्षा से जवानों को धक्का देकर ट्रेन से कूदकर फरार हो गया था। तबसे उसकी तलाश की जा रही थी। पांच महीने पहले सलीम के घर में छिपे होने की सूचना पर लालगंज पुलिस उसे गिरफ्तार करने पहुंची तो सलीम पुलिस को चकमा देकर उनकी बाइक लूटकर फरार हो गया था। शुक्रवार की दोपहर डेढ़ बजे सौ नंबर पुलिस के भानु प्रताप तथा हेडकांस्टेबल छोटेलाल पांडेय व एक्शन मोबाइल टीम के रोहित रंजन उपाध्याय व कृपाशंकर यादव को सूचना मिली कि सलीम हलिया के बरी गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर किसी लूट की वारदात को अंजाम देने आया है। जानकारी होते ही एक्शन मोबाइल टीम और सौ नंबर पुलिस वहां पहुंची। दोनों ने सलीम को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने खुद को इलाहाबाद कारागार का सिपाही बताया। आईडी मांगने पर उसने सिपाही की कनपटी पर तमंचा सटा दिया। किसी तरह वह छुड़ा कर भागने लगा। पीछा करने पर पुलिस टीम पर उसने पायर किया। इसी बीच सीओ लालगंज रमाकांत सिंह व सीओ सदर बृजेश तिवारी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने सलीम को गिरफ्तार कर लिया।