हादसे में मौत के बाद विसुंदरपुर में जाम लगाते ग्रामीण
मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के दो स्थानों पर हुई सड़क दुर्घटनाओं में घी व्यापारी समेत दो लोगों को मौत हो गई। विसुंदरपुर में सोमवार की सुबह बालू लदी ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से बाइक सवार युवक और रविवार की रात बरकछा में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार घी व्यापारी की जान चली गई। घी व्यापारी के साथ मौजूद किराना व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे वाराणसी के ट्रामा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। विसुंदरपुर में हुए हादसे के बाद क्रुद्ध ग्रामीणों ने चक्काजाम किया। दोनों बाइक सवार हेलमेट लगाए हुए थे लेकिन गंभीर रूप से घायल होने के कारण उनकी जान नहीं बची।
शहर कोतवाली क्षेत्र के बसनई बाजार निवासी प्रवीण कुमार त्रिपाठी (35) पुत्र राकेश त्रिपाठी अपने साथी पवन गुप्ता (32) पुत्र हरी गुप्ता के साथ सोमवार की रात दस बजे देहात कोतवाली क्षेत्र के बेलहरा मोड़ स्थित एक ढाबा पर खाना खाने गया था। खाना खाने के बाद रात करीब 12 बजे दोनों बाइक से लौट रहे थे। बाइक सवार दोनों व्यापारी जैसे ही बरकछा स्थित इलाहाबाद बैंक के पास पहुंचे कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को जिला चिकित्सालय ले गई जहां चिकित्सक ने प्रवीण को मृत घोषित कर दिया जबकि पवन को वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। मोहल्लेवासियों ने बताया कि प्रवीण घी का थोक व्यापारी था। वह पूरे जिले में घी आपूर्ति करता था जबकि पवन किराना व्यवसायी है। दोनों की दुकानें नगर के बसनई बाजार में है। दोनों अच्छे दोस्त थे। प्रवीण की मौत से मोहल्ले में शोक की लहर है।
दूसरी दुर्घटना देहात कोतवाली क्षेत्र के ही विसुंदरपुर गांव के पास हुई। सेमरा बेलौहा गांव निवासी अनिल कुमार (35) पुत्र राजकुमार मंगलवार की सुबह बाइक से बाजार जा रहा था। सुबह करीब आठ बजे वह जैसे ही बिसुंदरपुर गांव के पास पहुंचा कि पीछे से आ रही बालू लदी ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में वह गिर गया। इसके बाद ट्रैक्टर ट्राली उसे कुचलते हुए निकल गई। पहिए के नीचे आने से अनिल कुमार की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। जानकारी होे पर आसपास के ग्रामीण एकत्रित हो गए और बिसुंदरपुर में चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने कहा कि बालू लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राली समेत अन्य वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं। इसके चलते आए दिन दुर्घटनाएं होती हैं। इसकी जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने जाम खत्म कराया। जाम सुबह नौ से दस बजे तक चला। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।