कछवां/मिर्जापुर। भटौली पुल से देर रात गुजर रहे 10 ओवरलोड ट्रकों को एआरटीओ, खनिज विभाग और कछवां पुलिस की संयुक्त टीम ने सीज कर दिया। पकड़े गए सभी ट्रकों के पास परमिट थे लेकिन सभी ट्रक ओवरलोड थे। इसे देखते हुए टीम ने सभी को सीजकर कछवां थाने की पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
पिछले कुछ दिनों से सूचना मिल रही थी कि फतहां और गुरसंडी पुलिस चौकी को बड़ी ही आसानी से पारकर भटौली पुल के रास्ते कछवां की ओर ओवरलोड ट्रक जा रहे हैं। जानकारी होते ही एआरटीओ रामसागर एवं खनिज विभाग के सर्वेयर और कछवां थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह कछवां पहुंचे। टीम को देखते ही ट्रकों में सवार चालक और खलासी कूदकर फरार हो गए। चालकों द्वारा बरैनी चौराहे पर बीच सड़क पर गाड़ी छोड़कर भागने के चलते टीम ने गाड़ी को थाने पर भेजवा दिया। इससे रात में गाड़ियों की लंबी कतार बरैनी त्रिमुहानी से लेकर जौसरा गांव तक लग गया। वहीं, बीएचयू से आ रही मिर्जापुर एंबुलेंस 108 नंबर दो घंटे जाम में फसी रही। देर रात जाम लगने के चलते रातभर पुलिस परेशान रही। सुबह पाचं बजे ग्रामीणों ने ट्रक के अगले पहिया का हवा निकाल दिया। टीम ने बताया कि फतहां और गुरसंडी पुलिस चौकी को कैसे ट्रके आसानी से पार कर रहे हैं, यह समझ में नहीं आ रहा है। इसके बारे में उच्चाधिकारियो को अवगत कराया गया है। सभी ट्रकों पर 39 घनमीटर सफेद गिटटी लोड थी।