मिर्जापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के महुवरिया मोहल्ले में सोमवार की सुबह घूर कर देखने को लेकर छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई। मामला बढ़ने पर एक पक्ष के एक युवक ने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी। इससे अफरातफरी मच गई। घटना से नाराज मुहल्ले के लोगों युवकों को पकड़ कर उनकी पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने दो छात्रों के विरुद्ध जानलेवा हमला करने, मारपीट, गाली गलौज व 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला पंजीकृत कर दोनों को जेल भेज दिया।
देहात कोतवाली क्षेत्र के नौहा गांव निवासी सिद्धार्थ दूबे व लालगंज थाना क्षेत्र के देवरी गांव निवासी अमन सिंह शहर कोतवाली क्षेत्र के महुवरिया स्थित एक व्यक्ति के मकान में किराये पर रहता है। वह नगर के इमामबाड़ा स्थित राजस्थान इंटर कॉलेज का छात्र है। दो दिन पूर्व महुवरिया निवासी शिवम कुमार की सिद्धार्थ दूबे से घूरकर देखने व सीना तान कर चलने को लेकर विवाद हो गया। मामला बढ़ने पर दो युवकों ने शिवम की पिटाई कर दी। दो दिन बाद सोमवार को जब दोनों छात्र शिवम के मोहल्ले से गुजरने लगे तो शिवम ने उनको पकड़ लिया। दोनों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद होने लगा। देखते ही देखते दोनों पक्षो में मारपीट होने लगी। आरोप है कि इसी बीच सिद्घार्थ तमंचा लेकर आया और फायरिंग करने लगा। जिससे वहां दहशत फैल गई। छात्रों की हरकत देख मोहल्ले के लोग आक्रोशित हो गए और उनका तमंचा छीन कर पीटने लगे। इसके बाद पुलिस को फोन कर बुलाया और दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की तहरीर मिलने पर पुलिस ने दोनों के विरुद्ध जानलेवा हमला करने समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कर उनको जेल भेज दिया।