अमर उजाला ब्यूरो
हमीरपुर। पुलिस चौकी भोटा के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग के विश्रामगृह के पास दिनदहाड़े एक व्यक्ति से मारपीट, छीना-झपटी और नकदी उड़ाने के मामले में तीन आरोपियों की जमानत न्यायालय ने नामंजूर कर दी। जमानत नामंजूर होते ही कोर्ट परिसर में पहुंचा आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। कोर्ट से भागे आरोपी ने पुलिस जवानों के पसीने छुड़वा दिए। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी का पीछा करते हुए उसे हमीरपुर के गांधी चौक के पास दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले में शामिल दो अन्य आरोपी अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। रविंद्र सिंह निवासी दरौड़ला ने पुलिस चौकी भोटा में शिकायत दर्ज करवाई थी कि 16 अगस्त को दोपहर बाद करीब एक बजे सुनील कुमार, सुभाष और गोल्डी ने विश्रामगृह भोटा के पास इसके साथ मारपीट की। इस दौरान तीनों युवक रविंद्र कुमार के गले की चेन और 50 हजार रुपये की नकदी छीनकर भाग गए। रविंद्र सिंह के पुलिस में मामला दर्ज करवाने के बाद तीनों आरोपियों ने सेशन कोर्ट हमीरपुर में जमानत के लिए अर्जी दी लेकिन सोमवार को इनकी अर्जी रिजेक्ट हो गई। आरोपी सुनील कुमार पुत्र मंशा राम निवासी लुंडरी सोमवार को अर्जी का स्टेटस जानने के लिए कोर्ट परिसर आया था। जैसे ही उसे पता चला कि उसकी जमानत नामंजूर हो गई और वहां से भागने लगा। पुलिस की नजर आरोपी सुनील कुमार पर पड़ गई। इस दौरान पुलिस टीम ने आरोपी को पीछा किया और गांधी चौक के पास पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य दो आरोपियों की गिरफ्तारी को भी धरपकड़ शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक रमन कुमार का कहना है कि पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जल्द ही अन्य दो आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।