भू-माफियाओं की तरफ से दलितों-गरीबों की पुश्तैनी जमीन पर कब्जा किए जाने के विरोध में भाकपा (माले) कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप कर समस्या से अवगत कराया। कहा कि गरीबों को न्याय नहीं मिला तो बड़े स्तर आंदोलन किया जाएगा।
जिला मुख्यालय पर आयोजित धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम के दौरान माले कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि देहात कोतवाली क्षेत्र के हनुमान पड़रा, नैपुरवा स्थित दलितों व गरीबों को उनकी जमीनों से बेदखल किया जा रहा है। कहा गया कि भू-माफिया दबंगई के बल पर दलितों व गरीबों के लगाए गए पेड़ों को गिरा कर प्लॉटिंग करने की नीयत से चौड़े रास्ते का निर्माण करा रहे हैं।
धरना-प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय कमेटी के सदस्य मो. सलीम ने कहा कि दलित बस्ती में भू-माफिया बंदूक लेकर दलितों को धमका रहे हैं। उन्होंने कहा कि बार-बार अधिकारियों को सूचना दिए जाने के बावजूद अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कहा कि अगर दलितों व गरीबों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन किया जाएगा। आशाराम भारती ने आरोप लगाया कि दलितों व गरीबों का उत्पीड़न करने वालों को शासन-प्रशासन की तरफ से बढ़ावा दिया जा रहा है। माले सचिव नंदलाल बियार ने कहा कि दलितों व गरीबों के साथ किया जा रहा उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जीरा भारती ने कहा कि भू-माफियाओं का मंसूबा पूरा नहीं होने दिया जाएगा। इस दौरान इमरान खां, वैष्णव गुप्त, शिवशंकर, लालता, राधेश्याम, शमीम सिद्दकी, राजाराम यादव, विजय कुमार, सरोजा देवी, सतना, राजकुमार, राम अवतार, मेवालाल, राधिक देवी, कैलाश, संजू, निर्मला, सुषमा, चमेला, नन्हें, सीता, विश्राम भारती, पवन, लवकुश आदि उपस्थित रहे।