पुलिस अधीक्षक अरविंद सेन के निर्देश पर शहर कोतवाली पुलिस ने नगर के रैदाली कालोनी स्थित एक दूकान में छापेमारी कर नकली डीजल बनाने के कारखाने का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से भारी मात्रा में मिट्टी का तेल व डीजल बनाने का केमिकल समेत अन्य सामान बरामद कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
एसपी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से लगातार सूचना मिल रही थी कि शहर कोतवाली क्षेत्र के रैदानी कालोनी में कुछ लोगों नकली डीजल बनाकर टावरों एवं वाहन मालिकों को सप्लाई कर रहे हैं। खबर लगते ही सीओ नगर श्वेता श्रीवास्तव के नेतृत्व में शहर कोतवाली की टीम गठित कर छापेमारी करने को कहा गया।
बुधवार को पुलिस ने दूकान पर औचक छापेमारी की। छापेमारी की खबर लगते ही दूकानदार वहां से फरार हो गया। पुलिस ने पूरे दूकान को अपने कब्जे में लेने के बाद एसडीएम सदर रविरंजन व जिलापूर्ति विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम बरामद सामान को जब्त करते हुए जांच के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि मौके से लगभग 14 सौ लीटर नकली डीजल, छह सौ लीटर मिट्टी का तेल, ढाई लीटर डीजल बनाने वाला केमिकल, दो वेल्डिंग मशीन, एक कटर, छह टावर की बैट्री समेत अन्य सामान बरामद कर जब्त कर लिया।
उन्होंने बताया कि नगर के भटवा की पोखरी निवासी इमरान नामक व्यक्ति रैदानी कालोनी निवासी जय मंगल गिरी का मकान किराए पर लिया था। जिसमें वह मिट्टी के तेल में केमिकल मिलाकर डीजल बनाने का काम करता था। आशंका है कि बनाए हुए डीजल को टावरों में सप्लाई करता था। साथ ही कुछ वाहन मालिकों को भी देता था। जांच के दौरान जितने लोग भी दायरे में आएंगे पर सभी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने निर्देश पर शहर कोतवाली पुलिस ने इमरान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।