मिर्जापुर जिले में पिछले तीन दिनों से प्रतिदिन मिल रहे कोरोना संक्रमितों के चलते मरीजों के बढ़ने का क्रम जारी है। बुधवार को विंध्याचल निवासी एक तीर्थ पुरोहित की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वह कोटेदार भी है। रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर विंध्याचल क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम कोटेदार को उसके दुकान से आईसालेशन वार्ड में ले गई। साथ ही विंध्याचल के पश्चिम मोहाल स्थित घर से परिवार के 20 लोगों को क्वारंटीन किया गया है।
पश्चिम मोहाल निवासी एक व्यक्ति का नगर के भैंसहिया टोला मोहल्ले में सरकारी सस्ते गल्ले की दुकान है। उनके परिवार के सदस्य तीर्थ पुरोहित हैं। वह प्रतिदिन सुबह नगर में अपने कोटे की दुकान पर आते थे और रात को घर जाते थे। बीते दिनों उनकी तबीयत खराब हुई। इसके बाद वह सात जून को नगर के स्टेशन रोड स्थित चिकित्सक के पास दवा लेने गए।
वहां पर डाक्टर ने उन्हें प्रयागराज जाकर इलाज कराने को कहा। आठ जून को वह प्रयागराज गए और दवा लेने के बाद वापस लौटे। इसके बाद मंडलीय अस्पताल में उन्होंने कोरोना की जांच कराई। उनका ओरो और नोजो फेरेंजियल स्वाब लेकर जांच के लिए भेजा गया था। जिले में कोरोना के एक्टिव संक्रमितो की संख्या बढ़कर 15 हो गई है। कोटेदार का भाई तीर्थ पूरोहित है, एक भाई विंध्य विकास परिषद में लिपिक है। इससे हड़कंप मचा हुआ है। उसका भाई अधिकारियों के संपर्क में रहता था।