यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 30 मार्च से शुुरु होगा। जिले में इस बार चार मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें दो हाईस्कूल और दो इंटरमीडिएट के लिए हैं। इन केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं के रखने और परीक्षकों के बैठने की तैयारियां शुरू हो गई हैं।
जिले में बोर्ड कापियों के मूल्यांकन के लिए इस बार चार केंद्र बनाए गए हैं। इसमें एएस जुबिली इंटर कालेज और राजस्थान इंटर कालेज में इंटरमीडिएट की कापियों और बीएलजे इंटर कालेज तथा स्व. कांशीराम राजकीय बालिका इंटर कालेज में हाईस्कूल की कापियों का मूल्यांकन होगा।
संभावना जताई जा रही है कि होली के पहले बोर्ड की ओर से परीक्षकों की सूची जारी कर दी जाएगी। जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 18 फरवरी से चल रही हैं।
जिसमें से हाईस्कूल की परीक्षाएं समाप्त हो चुकी हैं और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं 21 मार्च तक चलेंगी। अब जिला प्रशासन और जिला विद्यालय निरीक्षक विभाग मूल्यांकन की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लग गया है।
बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 129 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। वर्ष 2016 की यूपी बोर्ड परीक्षा में 85869 परीक्षार्थी परीक्षा में जिले में शामिल हुए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा स्थानीय स्तर पर परीक्षकों की सूची तैयार कर अंतिम मुहर के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद को भेजी जा चुकी है।
इसके साथ ही प्रत्येक केंद्र पर मूल्यांकन के लिए केंद्र अध्यक्षों काे बता दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक देवी सहाय तिवारी ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद की कापियों के मूल्यांकन के लिए चार केंद्र बनाए गए हैं।
जिससे उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन निर्धारित समय सीमा में पूरा हो सके। मूल्यांकन के लिए परीक्षकों की सूची बोर्ड से आना बाकी है।