त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान और सदस्य पद के लिए निर्धारित मतगणना केंद्रों में स्थित स्ट्रांग रूम की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
मतगणना केंद्रों पर सीसी कैमरा लगाया गया है। जिससे स्ट्रांग रूम में कोई परिंदा भी पर नहीं मार सके। मतगणना के लिए जिला प्रशासन शुक्रवार को दिन भर तैयारी में जुटा रहा। कर्मचारी बैरिकेटिंग करने में जुटे रहे।
मतगणना के लिए किसी भी सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति को मतगणना अभिकर्ता नहीं बनाया जाएगा। मतगणना केंद्र के प्रांगण से 200 मीटर की परिधि में केवल ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा।
जिला मजिस्ट्रेट राजेश कुमार सिंह ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2015 के लिए निर्धारित मतगणना केंद्रों पर स्ट्रांग रूम में कड़ी सुरक्षा में मतपत्र रखे गए हैं।
सदस्य ग्राम पंचायत और प्रधान दोनो पदों के लिए मतगणना एक साथ होगी। प्रत्येक मतगणना कक्ष में मतगणना प्रारंभ होने से समाप्त होने तक मतगणना की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
मतगणना कक्ष में प्रत्येक टेबुल पर उम्मीदवार या निर्वाचन अभिकर्ता या उसके मतगणना अभिकर्ता तीनों में से कोई एक ही एक समय में रहेगा। मतगणना विकास खंड के लिए निर्धारित मतगणना स्थल पर होगी।
जिसमें मतगणना सिटी में राजकीय पालिटेक्निक बथुआ, कोन में मिश्रीलाल इंटर कालेज, पहाड़ी में शिवलोक श्रीनेत्र कपसौर, छानबे में महाशक्ति इंटर कालेज बिहसड़ा, मझवां में राजकीय बालिका इंटर कालेज मझवां, सीखड़ में श्रीशिवाजी नेशनल इंटर कालेज हांसीपुर में होगी।
वहीं विकास खंड लालगंज में बापू उपरौध इंटर कालेज, हलिया में पंचशील महाविद्यालय मवईकला, पटेहरा कला में जवाहर नवोदय विद्यालय, नरायनपुर में कन्या नेहरु कन्या इंटर कालेज शिवशंकरीधाम, जमालपुर में श्रीमती देवकली इंटर कालेज तथा राजगढ़ में किसान इंटर कालेज में बैलेट बाक्सों को कड़ी सुरक्षा में रखा गया है।