चुनार। थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में रविवार की रात करीब नौ बजे कब्रिस्तान की जमीन से सड़क बनाने के लिए मिट्टी गिरने पर विवाद पैदा हो गया। एक समुदाय के लोगों ने विरोध जताया। सूचना पर पहुंचे राजस्व और पुलिस अधिकारियों ने मिट्टी हटवाने का आश्वासन देकर रात 12 बजे विवाद खत्म कराया।
रामगढ़ गांव में रविवार की रात करीब नौ बजे कब्रिस्तान की जमीन से सड़क बनाने के लिए ट्रैक्टर-ट्राली से मिट्टी गिरवा दी गई। जब इसकी एक समुदाय के लोगों को हुई तो धीरे-धीरे मामला गरमाने लगा। इस बीच किसी ने इसकी जानकारी पीआरवी-112, पुलिस अधीक्षक और एसडीएम चुनार को दे दी। सूचना पर एसडीएम राजेश कुमार वर्मा, सीओ अशोक कुमार सिंह, कोतवाल नरेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम और सीओ ने कब्रिस्तान में डाली गई मिट्टी वहां से तत्काल हटवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब 12 बजे विवाद खत्म हुआ। एसडीएम राजेश कुमार वर्मा ने बताया कि कब्रिस्तान की जमीन पर सड़क बनाने के लिए किसी ग्रामीण ने क्षेत्र पंचायत की कार्ययोजना में नाम डलवा दिया था। जिस पर रात में मिट्टी गिरवा दी गई। मौके पर पहुंच कर मिट्टी को कब्रिस्तान की जमीन पर फैलवा दिया गया। उन्होंने बताया कि विवाद खत्म करा दिया गया है।