मिर्जापुर। देहात कोतवाली क्षेत्र के गुरुसंडी के पास सोमवार को दोपहर में ट्रैक्टर की चपेट में आने से साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर भाग निकला। पुलिस मुकदमा दर्ज कर ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है।
देहात कोतवाली क्षेत्र के परवा राजधर गांव निवासी अमित कुमार (35) मजदूरी करते थे। सोमवार की सुबह घर से किसी काम से निकले थे। दोपहर लगभग एक बजे वे सरैयां बाजार से साइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में गुरुसंडी के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अमित सड़क गिर गए। इसके बाद उसी ट्रैक्टर की चपेट में आने से कुचलकर मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दोपहर में घटना होने पर सड़क पर सन्नाटा होने के कारण हादसे के कुछ देर बाद तक अमित मृत अवस्था में पड़े थे। उधर से गुजर रहे एक राहगीर ने युवक को मृत पड़ा देख गुरुसंडी चौकी पुलिस को सूचना दी। तब तक आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस की सूचना पर परिजन भी पहुंच गए। अमित के भाई बजरंगी लाल की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुटी है। देहात कोतवाल राणा प्रताप यादव ने बताया कि ट्रैक्टर की टक्कर से साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।