विकासखंड कोन क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से परेशान उपभोक्ताओं ने बृहस्पतिवार को विद्युत उपकेंद्र चेतगंज पर प्रदर्शन किया। आरोप है कि क्षेत्र में 18 घंटे बिजली आपूर्ति के बजाय आठ घंटे भी बिजली आपूर्ति नहीं हो रही है। उमस भरी गर्मी में बच्चे, बुजुर्ग बीमार हो जा रहे हैं।
उपभोक्ताओं का कहना है कि विद्युत उपकेंद्र से बिना सूचना के घंटों बिजली काट दी जाती है। यहां तक कि पूरी रात कटौती होने से उमस भरी गर्मी में लोगों को जागकर रात बितानी पड़ रही है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है और पेयजल संकट भी गहरा रहा है। इस संबंध में विद्युत उपकेंद्र चेतगंज के अवर अभियंता सलमान अहमद ने बताया कि 132 केवीए सब स्टेशन औराई से बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण क्षेत्र में आपूर्ति प्रभावित हो रही है। उपभोक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस चौकी चेतगंज प्रभारी संजय सिंह दल बल के साथ मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों को समझा कर वापस कर दिया। इस मौके पर बृजेश कुमार सिंह, पंडित तिवारी, आशुतोष तिवारी, संजय सिंह, सियाराम शुक्ला, शत्रुघ्न सिंह, अरविंद दुबे, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, लवकुश तिवारी, विजय बहादुर सिंह, अमरेश तिवारी मौजूद रहे।