पुलिस लाइन प्रशिक्षण कैंप का निरीक्षण करते एडीजी जोन वाराणसी पीयूष मोर्डिया। स्रोत- पुलिस
मिर्जापुर। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन पीयूष मोर्डिया ने सोमवार को पुलिस महानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र आरपी सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के साथ पुलिस लाइन का निरीक्षण किया। प्रशिक्षण व्यवस्थाएं व प्रशिक्षण कार्यक्रम में नियुक्त अधिकारी व रिक्रूट आरक्षियों के साथ गोष्ठी की।
रिक्रूट आरक्षियों के प्रशिक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मूलभूत सुविधाओं, बैरक, मेस, कम्प्यूटर कक्ष, मनोरंजन कक्ष एवं क्लासरूम का अवलोकन किया। आईटीसी में चल रही प्रशिक्षण व्यवस्था, अनुशासन, उपस्थिति व सुविधाओं काे देखा। अपर पुलिस महानिदेशक वाराणसी जोन वाराणसी द्वारा प्रशिक्षण में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं व्यवहारिक कौशल को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। फील्ड प्रैक्टिकल को अधिक प्रभावी व वर्तमान परिस्थितियों के अनुरूप बनाने के लिए सुझाव दिया। ताकि प्रशिक्षु आरक्षी आगामी पुलिस सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें। निरीक्षणोपरांत पुलिस लाइन स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार कक्ष में रिक्रूट आरक्षियों व प्रशिक्षकों के साथ बैठक आयोजित की गई। इस दौरान आरक्षियों को निष्ठापूर्वक, अनुशासित, टीमवर्क व सेवा भावना को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। निरंतर सीखने और खुद को बेहतर बनाने का संदेश दिया गया। प्रशिक्षकों को प्रशिक्षण पद्धति में नवाचार और व्यवहारिक अभ्यास बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक आपरेशन ओपी सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, सीओ यातायात शिखा भारती, सीओ नगर विवेक जावला, सीओ सदर अमर बहादुर आदि रहे।