मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश की आयोजित होने वाली हाईस्कूल, इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों की बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने बोर्ड परीक्षा को नकल विहीन सकुशल एवं शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेटों/एवं जोनल मजिस्ट्रेटों, को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए परीक्षा की सुचिता बनाये रखने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि सभी परीक्षा केन्द्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करा ली जाएं ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने पाये। जिलाधिकारी ने कहा है कि परीक्षा केन्द्रों पर बिजली, पानी सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था पूर्ण कर ली जाए। जिला विद्यालय निरीक्षक ने जिलाधिकारी को बताया कि सभी केन्द्रों पर व्यवस्था पूर्ण कर ली गई है। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि बिजली जाने की स्थिति पर परीक्षा केन्द्र पर जनरेटर की व्यवस्था करा ली जाए। परीक्षा को नकलविहीन संपन्न कराने के साथ परीक्षा की सुचिता बनाये रखने की बात कहते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए अन्यथा संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में पॉच सचल दस्ता बनाये गये हैं जो विभिन्न परीक्षा केन्दों पर भ्रमण करते रहेंगें। कहा कि हर सेंटर पर निरीक्षण पुस्तिका होगी। सेंटर पर जो भी निरीक्षण पर जाये वे पुस्तिका पर समय के साथ अपनी टिपणी लिखें । उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्र के आस पास कोई भी फोटोकापी की मशीन न खुली पायी जाय। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि परीक्षा देने वाले छात्र एवं छात्राएं अपना प्रवेश पत्र, एक आईडी अवश्यक साथ रखे तथा मोबाइल, विद्युत चलित इत्यादि कोई भी उपकरण साथ लेकर परीक्षा केन्द्र के अंदर नहीं जायेगें जिससे परीक्षा की सुचिता भंग होने की आशंका हो अन्यथा उनके विरूद्व कार्रवाई की जायेगी। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक नगर प्रकाश स्वरूप पांडेय, अपर जिलाधिकारी यू पी सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी, एसडीएम सदर गौीरव श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक देवकी सिंह आदि थे।