मिर्जापुर। सिटी ब्लॉक के बीडीओ ने बृहस्पतिवार को हरिहरपुर बेदौली, खजुरी और बीरशाहपुर में खजुरी नदी के जीर्णोद्धार के काम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सचिवों और ग्राम प्रधानों को मजदूरों की संख्या बढ़ाकर बरसात से पहले नदी की सफाई का काम पूरा कराने का निर्देश दिया।
खंड विकास अधिकारी मुनीश कुमार सिंह ने कहा बरसात का मौसम करीब है। इससे पूर्व प्रत्येक दशा में संंबंधित ग्राम पंचायत नदी के सफाई व जीर्णोद्धार कार्य समय से पूरा करें। उन्होने इस कार्य में मजदुरों की संख्या बढ़ाने की भी बात कही। बीडीओ ने बताया कि लोवर खजुरी वियर से निकली 19 किलोमीटर खजुरी नदी कुल 16 ग्राम पंचायतों से होकर बहती है। बीडीओ ने बताया इस समय 14 ग्राम पंचायत में खजुरी नदी के जीर्णोद्धार का कार्य कराया जा रहा है। कुछ स्थानों पर पानी होने से दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
बीडीओ ने बताया साधारण काम मनरेगा मजदूरों से कराया जा रहा है। जहां ज्यादा परेशानी है, वहां जेसीबी का इस्तेमाल कर समय पर काम पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। कुछ दिन पहले मझवा विधायक शुचिस्मिता मौर्य और जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, ने बर्जी मुकुंदपुर से जीर्णोद्धार का शुभारंभ किया था। निरीक्षण के दौरान श्यामधर तिवारी, दिनेश कुमार, सौरभ गोड़, सिनोद कुमार प्रजापति, सोनू दुबे, लक्ष्मन आदि मौजूद रहे।