मिर्जापुर। कलेक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को जिले में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य प्रगति की समीक्षा मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने जिला निर्वाचन अधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट पवन कुमार गंगवार सहित सभी निर्वाचक एवं सहायक निर्वाचक अधिकारियों के साथ बैठक कर की। कहा कि एसआईआर का काम 15 नवंबर तक शत-प्रतिशत पूरा करें।
जिले में एसआईआर काम की प्रगति मात्र 64 प्रतिशत होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि युद्ध स्तर पर बीएलओ से घर-घर मतदाताओं को फॉर्म वितरण कराएं। इस काम में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी व जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने फोन में बीएलओ का मोबाइल नंबर रखें। उनकी गतिविधियो की समीक्षा करें। बैठक में सीडीपीओ व सहायक निर्वाचक अधिकारी के देर से आने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अपने-अपने क्षेत्र के सभी ऐसे आंगनबाड़ी कार्यकत्री व सहायक अध्यापक जो बीएलओ बनाए गए हैं उनका प्रतिदिन सत्यापन करते हुए शत-प्रतिशत काम पूर्ण कराना सुनिश्चित कराएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी अजय कुमार सिंह, भू-राजस्व देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, उप जिलाधिकारी सदर गुलाब चंद्र, लालगंज महेंद्र सिंह, चुनार राजेश वर्मा, मड़िहान अनेग सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी वाणी वर्मा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा आदि उपस्थित रहें।