विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में शिक्षकों ने सोमवार को जिला पंचायत कार्यालय परिसर से कलेक्ट्रेट परिसर तक शांति मार्च निकाला।
विशिष्ट बीटीसी शिक्षकों ने पांच सूत्री मांग पूरी नहीं होने पर रोष जताया। साथ ही जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्रक भेजा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष संजय तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार विशिष्ट बीटीसी शिक्षकों के हितों की अनदेखी कर रही है। विशिष्ट बीटीसी शिक्षक एक अप्रैल वर्ष 2004 के बाद नियुक्त सभी शिक्षकों को पुरानी पेंशन लागू करने, 17140 और 18150 पदोन्नत वेतनमान और मृतक आश्रित को सहायक अध्यापक पद पर नियुक्ति करने की मांग की।
साथ ही प्रशिक्षु शिक्षकों को प्रशिक्षण की अवधि को सेवाकाल में जोड़ते हुए शीघ्र ही स्थायी नियुक्ति, ग्रामीण भत्ता पांच हजार तथा दूरस्थ जनपदों में तैनात शिक्षकों को गृह जनपदों में स्थानांतरण और प्रमोशन में वरिष्ठता प्रथम नियुक्ति के आधार पर करने की मांग की। उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर विशिष्ट बीटीसी शिक्षक प्रदेश नेतृत्व के माध्यम से चार सितंबर को लक्ष्मण झूला पार्क लखनऊ में धरना प्रदर्शन करेंगे।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि सभी शिक्षक चार सितंबर को धरना प्रदर्शन में सम्मिलित होकर उसे सफल बनावें। इस दौरान डा. विजय शंकर, अवधेश मिश्रा, सर्वेश, राधेश्याम, मुन्ना सिंह, राघवेंद्र शुक्ल, मनोज तिवारी, राजनाथ, सुनील तिवारी, पूजा, अभिषेक, अच्छे लाल आदि रहे।