शहर कोतवाली क्षेत्र के तरकापुर स्थित राजपूत कालोनी निवासी एक भट्ठा मालिक के मकान से चोरों ने करीब 14 लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।
किराएदारों की सूचना पर पहुंचे गृहस्वामी ने कोतवाली में घटना की तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला पंजीकृत कर छानबीन शुरू कर दी।
जिगना थाना क्षेत्र के भौरूपुर अरगजा गांव निवासी ईंट भट्ठा व्यवसायी तिलक राज सिंह पुत्र कमला शंकर सिंह पिछले कुछ वर्षों से शहर कोतवाली क्षेत्र के तरकापुर स्थित राजपूत कालोनी में मकान बनवाकर रहते हैं। मकान में कुछ किराएदार भी रहते हैं।
राजतिलक के अनुसार पांच अप्रैल को उनके ससुर की मौत होने पर वह परिवार के साथ भदोही के सीतापुर इलाके में गए थे। इस बीच उनके किराएदारों ने सूचना दी कि मकान का दरवाजा टूटा हुआ है तथा सामान बिखरा है। मामले की जानकारी होते ही वह भागकर कमरे पर पहुंचे। चोरों ने बाक्स में रखे 12 लाख के जेवरात तथा दो लाख के कपड़े सहित अन्य सामान चुरा लिया। चोरी की सूचना शहर कोतवाली में दी गई।
चोरी हुए सामानों में नौ सोने की अंगूठी, एक सोने का हार, आठ सोने के कंगन, एक मंगलसूत्र, बाजूबंद, एक चांदी का कमरबंद, दो पायल, सोने का सिक्का आदि शामिल है।