मिर्जापुर जिल के चील्ह थाना क्षेत्र के मझिगवां गांव में मंगलवार शाम ताजिया आगे-पीछे करने को लेकर हुई मारपीट में आठ लोग घायल हो गए। सभी का मंडलीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। सूचना पर एसडीएम सदर और सीओ सदर मौके पर पहुंच गए।
विज्ञापन
मझिगवा गांव की दो कमेटियां ताजिया लेकर लखनपुर गांव के कर्बला की तरफ जा रही थीं। शाम को ताजिया आगे-पीछे से करने को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद दोनों पक्षों ने तलवार, जंजीर, लाठी, डंडे से एक दूसरे पर हमला कर दिया। इसमें आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में एक पक्ष के अब्दुल हमीद(46), सरफराज(50), अजहरुद्दीन(27), आजाद(47), असरुन निशा(40), खुशबू(30) और दूसरे पक्ष के पन्ना(30) और महमूद खान(50) घायल हो गए। पीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद सभी को मंडलीय अस्पताल भेज दिया गया। सूचना पर पहुंचे एसपी सिटी प्रकाश स्वरूप पांडेय, एसडीएम सदर गौरव श्रीवास्तव, सीओ सदर संजय सिंह ने मामला शांत कराया।
सीओ सदर संजय सिंह ने बताया कि ताजिया आगे-पीछे करने में लोग आपस में भिड़ गए थे। इसमें कुछ लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल भेजवाकर मामला शांत करा दिया गया है। एहतियातन फोर्स की तैनाती कर दी गई है।