मिर्जापुर। चुनाव आयोग ने शनिवार को लोससभा की घोषणा कर दी। आचार संहिता लागू होने के बाद राजनीतिक दलों ने चुनावी तैयारियां शुरू कर दीं। नेता बिसात बिछाने में जुट गए। पार्टी के रणनीतिकार प्रत्याशी चयन पर मंथन तेज कर दिए। इससे जिले में सियासी हलचल तेज हो गई है। मिर्जापुर भाजपा-अपनादल एस गठबंधन ने वर्तमान सांसद अनुप्रिया पटेल पर दांव लगाया है। विपक्षी की ओर से अभी कोई प्रत्याशी सामने नहीं आया है। प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी में प्रत्याशी के नाम पर चर्चा चल रही है। कांग्रेस छोड़ तृणमुल कांग्रेस में शामिल हुए पूर्व विधायक ललितेश पति त्रिपाठी के लड़ने की संभावना थी। सपा ने भदोही सीट तृणमुल कांग्रेस को दे दी। जिसके बाद तृणमुल कांग्रेस ने ललितेश को भदोही से प्रत्याशी घोषित कर दिया। सपा से पूर्व सांसद बालकुमार पटेल के नाम पर चर्चा थी, पर वे जेल में है। पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल और प्रदेश अध्यक्ष सपा नरेश उत्तम पटेल या उनके परिवार के सदस्य के लड़ने की भी चर्चा जोरो पर है। सपा में तो कुछ चेहरों को लेकर चर्चा है पर कांग्रेस और बसपा में तो किसी के नाम की चर्चा भी नहीं चल रही है। आने वाले वक्त में देखना होगा कि विपक्ष की ओर कौन मिर्जापुर के सियासी अखाड़े में उतरता है।
जनगणना2011 के अनुसार मिर्जापुर की 2,496,970 की आबादी है। जिसमें से पुरुष और महिला क्रमशः 1,312,302 और 1,184,668 है । जिले का क्षेत्रफल 4521 वर्ग किलोमीटर है। इसमें पांच विधान सभा क्षेत्र क्रमश: नगर, छानबे, मझवां, चुनार व मड़िहान हैं। मिर्जापुर लोक सभा क्षेत्र में करीब 19 लाख ( 1897805) मतदाता है। इनमें पुरुष 994546, महिला 903154 और 105 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल है।।
पिछले चुनाव वर्ष 2019 में अपना दल की अनुप्रिया पटेल विजयी रहीं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी समाजवादी पार्टी के रामचरित्र को 232008 मतों से हराया था। उनको 591564 मत प्राप्त हुुए थे। उनके प्रतिद्वंदी सपा के रामचरित्र को 359556 मत प्राप्त हुए थे। तीसरे स्थान पर कांग्रेस के ललितेश पति त्रिपाठी रहे। उनको 91501 मत प्राप्त हुए थे। इस चुनाव में नौ प्रत्याशी मैदान में थे।
वर्ष 2019 में सातवें चरण में मिर्जापुर में वोट डाले गए थे।
नामांकन प्रारंभ- 22 अप्रैल 2019
नामांकन अंतिम तिथि- 29 अप्रैल 2019
नामांकन वापसी- 2 मई 2019
वोटिंग- 19 मई 2019
काउंटिंग व रिजल्ट – 23 मई 2019