राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने गिनती बढ़ाने के लिए गठबंधन नहीं किया है। देश की एकता और अखंडता को नुकसान पहुंचाने वालों के हौसले पस्त करने के लिए साथ आए हैं। यह बात कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर ने गुरुवार को कही। वह पहाड़ी ब्लॉक के स्वामी गोविंदाश्रम इंटर कॉलेज में मझवां प्रत्याशी रोहित शुक्ला के समर्थन में आयोजित जनसभा में बोल रहे थे। सभा को राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने भी संबोधित किया।
राज बब्बर ने कहा कि गंगा मैया ने बुलाया है, यूप ने गोद लिया जैसी बातें कहकर प्रधानमंत्री लोगों को बरगला रहे हैं। ढाई साल बाद अब जब चुनाव आया है तो उन्हें किसानों के कर्ज की माफी याद आ रही है। नोटबंदी से जनता त्रस्त है और भाजपा को सबक सिखाएगी। भाजपा का मुख्यमंत्री कौन होगा, इसे रहस्य बनाया गया है। इसके पीछे प्रधानमंत्री की कोई गुप्त योजना है। वर्ष 2012 के चुनाव में मध्यप्रदेश से निकाल दी गईं, उमा भारती को मुख्यमंत्री का पद का प्रत्याशी बताया गया था
सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि मायावती के बारे में इतना कह सकता हूं कि अभी उन्हें रहने दें। हाथी बहुत मोटा है, उसेे दुबला होने दीजिए। लोकसभा चुनाव में मोदी ने कहा था कि मेरा 56 इंच का सीना है और विदेशों में जो काला धन जमा कर रखा है उसको हम देश में लाकर प्रत्येक वोटर के खाते में 15-15 लाख रुपया भेजा जाएगा। अब कहते हैं सब जुमला था। समझ में नहीं आता कि इनकी बात का यकीन कैसे करें। पूर्व सांसद बाल कुमार पटेल, अनुराग यादव, मुन्नी यादव, आशीष यादव, गिरीश त्रिपाठी ने भी संबोधित किया। माता प्रसाद दूबे, शिव प्रताप सिंह, नान्हक सिंह, दयाशंकर पांडेय, अनिल यादव, चंद्रेश प्रताप सिंह, अर्चना चौबे, जगदीश सिंह, जगनू पाल, राम श्रृंगार दूबे, अंजनी नंदन पांडेय, विजय बहादुर पाल, नीता सिंह मौजूद रहे।