उर्वरक की कालाबाजारी और मनमानी बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए शासन ने ई-पॉस मशीन का 3.31 वर्जन जारी किया है। यह मशीन रात आठ बजे के बाद अपने आप बंद होकर अगले दिन सुबह छह बजे चालू होगी। इससे कोई भी सहकारी समिति या निजी दुकानदार रात आठ बजे के बाद खाद का वितरण नहीं कर सकेंगे।
शासन के पत्र के अनुसार अब ई-पॉस मशीन केवल उसी साधन सहकारी समिति या निजी दुकान के 200 मीटर के दायरे में ही काम करेगी जिसके लिए लाइसेंस जारी हुआ है। इससे अवैध गोदामों या दूसरी जगहों से होने वाली बिक्री रुक जाएगी। 3.31 वर्जन में किसान की ओर से लिए गए उर्वरक का पूरा हिसाब उपलब्ध रहेगा। वहीं अब किसान को उसकी कृषि भूमि के अनुसार उर्वरक मिलेगी। राजेश सिंह, एडीओ कॉपरेटिव, बरहनी ने बताया कि सहकारी समितियां अब मनमानी नहीं कर सकेंगी और न किसान केंद्रों से अधिक खाद ले सकेंगे। अंगूठा लगाते ही खतौनी के आधार पर खाद की जरूरत नजर जाएगी। इसके लिए सभी मशीनों का सॉफ्टवेयर अपडेट कर दिया गया है। यह मशीन सुबह छह से रात आठ बजे तक चालू रहेगी। इसके बाद स्वतः काम करना बंद कर देगी। समितियों के अलावा थोक और फुटकर विक्रेताओं की पीओएस मशीनों को भी अपडेट कर दिया गया है।