आक्सीजन प्लांट का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार की सुबह मिर्जापुर मंडलीय अस्पताल में बने ऑक्सीजन प्लांट का लोकार्पण किया। इसके बाद, पोस्ट कोविड वार्ड में दो मरीजों से बातचीत कर उनका हाल जाना। अस्पताल में मिलने वाली दवा और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। वार्ड का निरीक्षण करने के बाद मुख्यमंत्री अस्पताल से नुआंव गांव के लिए रवाना हो गए।
पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में बने हैलीपैड पर उतरने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कलेक्ट्रेट में बने कोविड कमांड कंट्रोल रूम पहुंचे। वहां से मुख्यमंत्री सीधे अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में मुख्यमंत्री ने आक्सीजन प्लांट का लोकार्पण किया। प्लांट का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से उसकी क्षमता के बारे में जानकारी ली।
मंडलीय अस्पताल के एसआईसी डा. कमल कुमार ने बताया कि प्लांट से प्रति मिनट 300 लीटर आक्सीजन तैयार होगा। इसके बाद, उन्होंने कोविड मरीजों के लिए बनाए गए एल-टू वार्ड और संभावित संक्रमण के तीसरी लहर में बच्चों के बेहतर इलाज के लिए क्या व्यवस्था की गई है। इस बारे में जानकारी ली। एल-टू वार्ड और चिल्ड्रेन वार्ड के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद मुख्यमंत्री जानकारी लेते हुए प्रथम तल पर स्थित मेडिकल वार्ड में बने 12 बेड के पोस्ट कोविड वार्ड में पहुंचे। वहां पर छह मरीज भर्ती थे।
मुख्यमंत्री ने एक नंबर बेड पर भर्ती अलीमन निवासी पुरानी लाइन पिपराडाड़ से उनकी तबीयत के बारे में पूछा। अलीमन के पुत्र इरशाद ने बताया कि एक मई को भर्ती होने के बाद 13 मई को पाजिटिव रिपोर्ट आई थी। कोविड से स्वस्थ होने के बाद कमजोरी थी। सुबह भर्ती किया गया। बेड नंबर दो पर भर्ती नगर के गिरधर चौराहा निवासी पूनम पत्नी विजेंद्र कुमार से बात किया। इसके बाद मुख्यमंत्री नुआंव गांव के लिए रवाना हो गया।