मिर्जापुर। बामी गांव हत्याकांड का खुलासा न होने के चलते सोमवार को पीड़ित परिजन के साथ छानबे विधायक राहुल प्रकाश कोल व नगर विधायक रत्नाकर मिश्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मिले। परिजनों ने विधायकों की मौजूदगी में मुआवजा, सुरक्षा और जमीन के विवाद निस्तारण कर जल्द खुलासे की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने डीजीपी से 24 घंटे में हत्या के खुलासे के साथ ही परिजनों की मांग को पूरा करने का निर्देश दिया।
हत्याकांड के 15 दिन बाद भी मामले का खुलासा न होने से पूरे प्रदेश में यह मामला एक बार फिर गर्मा गया है। छानबे विधायक राहुल प्रकाश कोल, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, किशोर के परिजन मुन्ना तिवारी और श्याम नरायण तिवारी के साथ सोमवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे। लेकिन मुलाकात मंगलवार को हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ परिजनों और विधायक द्वय से मिले। इस दौरान प्रमुख सचिव अवनीश अवस्थी और डीजीपी हितेश अवस्थी भी मौजूद रहे। परिजनों ने मुआवजा सुरक्षा और जमीन विवाद के निस्तारण के साथ नौकरी की मांग की। मुख्यमंत्री ने मुआवजा राशि दो लाख से पांच लाख करने, परिजनों को घर पर सुरक्षा, शस्त्र लाइसेंस की प्रक्रिया पूरी करने के साथ डीएम से वार्ता कर जमीन के विवाद को निस्तारित करने का निर्देश दिया। नौकरी की मांग पर अभी विचार करने को कहा। विधायक राहुल कोल ने पुलिस पर कार्रवाई में शिथिलता बरतने की बात मुख्यमंत्री से कही। इस पर मुख्यमंत्री ने डीजीपी से मामले में कार्रवाई के बारे में पूछा। इसके बाद निर्देश दिया कि 24 घंटे में मामले का पर्दाफाश किया जाए। पुलिस कोई भी हथकंडा अपनाए, पर हत्याकांड में किसकी संलिप्तता है, इसका 24 घंटे में पर्दाफाश करे। डीजीपी से कार्य में शिथिलता बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई का निर्देश दिया। जिसके बाद शाम को पुलिस अधीक्षक ने थानाध्यक्ष चौकी प्रभारी समेत चार कर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया।
मुख्यमंत्री की नाराजगी पर चार को निपटा कर हुई खानापूर्ति
- विधायक द्वय व परिजनों की शिकायत के बाद मुख्यमंत्री न े मामले में देरी के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई का आश्वासन डीजीपी को दिया। माना जा रहा है कि अधिकारियों को सीएम के क्रोध से बचाने के लिए लालगंज थानाध्यक्ष और चौकी प्रभारी सहित चार लोगों को लाइन हाजिर कर दिया गया। लोगों में चर्चा रही कि आखिर इतने बड़े मामले का खुलासा न होने के लिए पुलिस अधिकारियों की जिम्मेदारी क्यों तय नहीं हुई।
सांसद संजय सिंह ने की सीबीआई जांच की मांग
मिर्जापुर। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोमवार को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर मामले में सीबीआई जांच की मांग की है। एक सप्ताह पहले राज्यसभा सांसद संजय सिंह लालगंज के बामी गांव पहुंच कर परिजनों से मिलकर मामले की सीबीआई जांच कराने का आश्वासन दिया था। इस पर सांसद ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखा है।