विकास खंड सीखड़ के ब्लाक परिसर में पंचायती राज विभाग के अधीन सफाईकर्मियों ने सोमवार को धरना प्रदर्शन किया। सफाईकर्मियों ने बीडीओ के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्रक भेजा। सफाई कर्मचारी निदेशालय द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर न्याय पंचायतों पर सुपरविजन के लिए सुपरवाइजर की तैनाती करने और पे रोल व्यवस्था समाप्त करने की मांग कर रहे है।
उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ के तत्वावधान में सफाई कर्मचारियों का ब्लाकों पर धरना प्रदर्शन चल रहा है। जिसके तहत सोमवार को सीखड़ ब्लाक पर धरना प्रदर्शन किया गया। जिलाध्यक्ष रवींद्र कुमार सिंह ने कहा कि पंचायती राज विभाग में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को 1900 ग्रेड पे दिया जाए। जिलामंत्री प्रभाशंकर आजाद ने कहा कि 14वें वेतन आयोग के तहत पंचायत सहायक, सहायक कंप्यूटर आपरेटर के पदों पर भर्ती प्रक्रिया में योग्य सफाई कर्मचारियों से नियुक्त किया जाए।
जिलामंत्री प्रभाशंकर आजाद ने कहा कि पंचायतीराज विभाग के अधीन कार्यरत ग्रामीण सफाई कर्मचारियों को ग्राम पंचायत अधिकारी पद पर पदोन्नति की जाए। ब्लाक अध्यक्ष संतोष मिश्रा ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की समस्या पर सरकार ध्यान नहीं दे रही है। इस दौरान संतोष कुमार, कृष्ण मुरारी गुप्ता, महेश कुमार, रमेश बिंद, लाल साहब आदि रहे।