नगर में स्थित पेड़ पर सभ्य समाज की ओर से लगाया जा रहा टैग।
व्यापारी संगठन सभ्य समाज ने नगर को सुंदर बनाने का बीड़ा उठाया है। इसके तहत पार्कों, बगीचों के साथ ही सड़कों को सुंदर बनाया जाएगा। डिवाइडर का रंग रोगन होगा तो वहीं वृक्षों को गोद लेकर पर्यावरण के प्रति भी लोगों को जागृत किया जाएगा। मकसद यह भी होगा कि नगर में आने वाले लोगों में यहां के प्रति एक अच्छा नजरिया हो।
बीते 26 फरवरी को शहर की दुर्व्यवस्था को देखते हुए व्यापारी धीरज अग्रवाल एवं रमन गुप्ता ने सभ्य समाज की स्थापना की। धीरे-धीरे इसके सदस्यों की संख्या बढ़ती गई। वर्तमान समय में सभ्य समाज के सदस्यों की संख्या 52 हो चुकी है।
समाज के लोग अब तक दीनदयाल पार्क लालडिग्गी, राममनोहर लोहिया चौक गुरहट्टी बाजार, श्यामा प्रसाद मुखर्जी पार्क मुकेरी बाजार, राजकीय उद्यान लालडिग्गी की सूरत बदल चुके हैं। ये सभी स्थान जीर्ण शीर्ण अवस्था में थे। जिन्हें सुधार कर एक उन्हें अच्छा लुक दिया गया है।
सभ्य समाज की इस पहल से जिला प्रशासन भी आ जुड़ा। जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह का साथ मिला तो समाज के लोगोें का उत्साह और बढ़ गया। पर्यावरण को पटरी पर लाने के लिए 15 सौ वृक्षों पर रंगरोगन कराया गया है। स्पीड ब्रेकर पर जेब्रा लाइन और यातायात के प्रतीक चिह्न लगाए गए।
बड़ी बात यह रही कि इस पर आने वाला खर्च सभ्य समाज के लोग आपास में बांट लेते हैं। संस्थापक अध्यक्ष धीरज अग्रवाल ने बताया कि शहर को बेहतर बनाने के बाद मुहल्ला स्तर पर कार्य कराया जाएगा। इसकी शुुुरुआत कटरा बाजीराव मोहल्ले को गोद लेकर की जाएगी।