मिर्जापुर। जिले के नए बीएसए गौतम प्रसाद ने बुधवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया। निवर्तमान बीएसए वीरेंद्र कुमार सिंह ने उनको कार्यभार ग्रहण कराया। उन्होंने कहा कि बच्चों की योग्यता व प्रतिभा को संवारा जाएगा।
गौतम प्रसाद इसके पूर्व अमरोहा के बीएसए थे। उसके पहले वह कानपुर नगर में राजकीय इंटर कालेज के प्रधानाचार्य पद पर कार्य कर चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को करीब से जाना है। आजमगढ़ के गागेपुर बर्जला गांव निवासी गौतम प्रसाद विशिष्ट बीटीसी में चयन के बाद नौ जुलाई को आजमगढ़ के मेहनगर विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय डीह शिक्षक बने। पीईएस के बाद 16 अगस्त 2014 को राजकीय इंटर कालेज कानपुर में प्रधानाचार्य बने। 19 अगस्त 2017 को वह अमरोहा में बीएसए बने। उन्होंने कहा कि अभी तो कोविड- 19 के चलते विद्यालय बंद चल रहे हैं लेकिन उनका प्रयास होगा कि शैक्षणिक कार्य में अनुशासन बना रहे। बच्चों को गुणवत्ता युक्त शिक्षा मिले ऐसी व्यवस्था करना उनका प्रथम प्रयास होगा। उन्होंने कार्यालय के सभी कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। कार्यालय का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर राजकीय इंटर कालेज के प्रधानाचार्य महेंद्र नाथ, बीईओ महेंद्र मौर्य, डीसी अजय श्रीवास्तव, रमेश राय व अन्य थे।