अदलहाट। थाना क्षेत्र के बरेंव गांव में रविवार को सुबह करीब नौ बजे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बालक की दर्दनाक मौत हो गई। मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस मासूम के नाना की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी है। ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
थाना क्षेत्र के बरेंव गांव निवासी रामधनी विश्वकर्मा के पुत्र अजय विश्वकर्मा की आगामी सात मई को शादी तय है। शादी में शामिल होने के लिए रामधनी की पुत्री नीलम विश्वकर्मा पत्नी महेन्द्र विश्वकर्मा निवासी परशुरामपुर थाना अदलहाट अपने चार वर्षीय पुत्र अर्पित के साथ बीते 17 अप्रैल को ही मायके आई थीं। रविवार को सुबह करीब नौ बजे घर के सामने चार वर्षीय अर्पित खेल रहा था। उसी दौरान मुहम्मदाबाद से ईंट लाद कर अदलहाट की ओर जा रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। ट्रैक्टर की चपेट में आने से बालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। घटना की सूचना लगते ही ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अर्पित दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। शादी के चलते घर में खुशी का माहौल गम में बदल गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया ने बताया कि ट्रैक्टर की चपेट में आने से मासूम की मौत हो गई। ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।