मिर्जापुर। मंडलीय अस्पताल में संचालित डायलिसिस यूनिट में नौ बेड बढ़ाए जाएंगे। अब बेड की संख्या बढ़कर 22 हो जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने 17 बेड बढ़ाने के आदेश दिए थे। डायलिसिस केंद्र में जगह नहीं होने पर नौ बेड बढ़ाने का प्रस्ताव भेजा गया। प्रस्ताव पास हो गया है। जल्द ही बेड बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू होगी।
जिले में पीपीपी मॉडल पर 10 बेड का डायलिसिस यूनिट साल 2018 में खोला गया था। मरीज बढ़ने पर साल 2023 में तीन बेड बढ़ाकर 13 बेड किया गया। रविवार को छोड़कर तीन शिफ्ट में डायलिसिस होती है। एनएचएम की निदेशक पिंकी जोवेल ने जुलाई 2025 में मंडलीय अस्पताल के निरीक्षण के दौरान डायलिसिस यूनिट में 17 बेड बढ़ाकर 13 से 30 बेड का करने के लिए आदेश दिया था। इसके बाद प्रस्ताव बनाकर भेजा गया। डायलिसिस यूनिट में जगह कम होने पर नौ बेड का दूसरा प्रस्ताव बनाकर भेजा गया। इस प्रस्ताव को पास कर दिया गया है। 22 डायलिसिस बेड होने से मरीजों को सुविधा मिलेगी। वेटिंग लिस्ट कम या खत्म हो जाएगी।
अभी डायलिसिस यूनिट में 13 बेड है। 17 बेड और बढ़ाने काे कहा गया था। डायलिसिस सेंटर में जगह कम है। इसीलिए नौ बेड का प्रस्ताव भेजा गया था। जो पास हो गया है। नौ बेड से बढ़ाकर अब 22 बेड का केंद्र बनाया जाएगा।
डा. एसके श्रीवास्तव , सीएमएस, मंडलीय अस्पताल